मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला: राजस्थान रिफाइनरी की लागत में संशोधन, 79,459 करोड़ रुपये में पूरा होगा प्रोजेक्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति (CCEA) ने बुधवार को राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा में निर्माणाधीन 'एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड' (HRRL) के लिए एक ऐतिहासिक वित्तीय संशोधन को मंजूरी दे दी है।
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति (CCEA) ने बुधवार को राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा में निर्माणाधीन 'एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड' (HRRL) के लिए एक महत्वपूर्ण वित्तीय संशोधन को मंजूरी दे दी है। सरकार ने इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की लागत और इक्विटी निवेश में भारी बढ़ोतरी को हरी झंडी दिखाई है। प्रोजेक्ट की लागत में करीब 36 हजार करोड़ का इजाफा
कैबिनेट ने रिफाइनरी प्रोजेक्ट की संशोधित लागत को 43,129 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 79,459 करोड़ रुपये करने की मंजूरी दी है। इस वृद्धि के साथ ही, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) द्वारा 8,962 करोड़ रुपये के अतिरिक्त इक्विटी निवेश को भी स्वीकृत किया गया है। अब इस प्रोजेक्ट में एचपीसीएल का कुल इक्विटी निवेश बढ़कर 19,600 करोड़ रुपये हो जाएगा।