रांची पुलिस ने सुलझाई आसिफ अंसारी हत्याकांड की गुत्थी; प्रेम संबंध के चलते पति-पत्नी ने दी थी सुपारी
रांची के खेलगांव में हुई आसिफ अंसारी की हत्या का खुलासा। 15 साल पुराने प्रेम संबंध के कारण पति जॉनसन मिंज ने 8 लाख की सुपारी देकर कराई थी हत्या। 5 गिरफ्तार।
रांची : रांची खेलगांव थाना क्षेत्र स्थित आनंद विहार में 19 फरवरी को आसिफ अंसारी नामक व्यक्ति की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि वारदात 15-16 वर्षों से चल रहे प्रेम संबंध को लेकर उपजी रंजिश का परिणाम थी। मामले में मुख्य साजिशकर्ता पति-पत्नी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
रांची के सदर डीएसपी ने रविवार को एक प्रेस वार्ता में बताया कि 19 फरवरी की सुबह करीब 6:45 बजे आनंद विहार स्थित केपी स्कूल के पास एक युवक का शव बरामद हुआ था। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। बाद में उसकी पहचान शहर के कांटाटोली इलाके रजा कॉलोनी निवासी आसिफ अंसारी (पिता- मो. इरफान अली) के रूप में की गई।