"शहीदों के सपनों का पंजाब बनाएंगे": मोहाली में 916 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी; मुख्यमंत्री मान ने गिनाईं अपनी सरकार की 8 बड़ी उपलब्धियां
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज पंजाब के युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया। मोहाली में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के नवनियुक्त कर्मियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब अब 'ब्रेन ड्रेन' (प्रतिभा पलायन) के दौर से निकलकर 'ब्रेन गेन' की ओर बढ़ रहा है।
मोहाली : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मोहाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 916 नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस मौके पर उन्होंने विपक्षी दलों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने चार साल में 63 हजार से अधिक नौकरियां दी हैं, लेकिन इसके बावजूद विरोधी कमियां निकालने से बाज नहीं आते।
सीएम मान ने कहा कि विपक्ष कभी डोमिसाइल का मुद्दा उठाता है, तो कभी बाहरी लोगों को नौकरी देने का आरोप लगाता है, जबकि सच्चाई यह है कि पिछली सरकारें तो बच्चों की स्कॉलरशिप और नौकरियां तक खा जाती थीं।
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों से अपील की कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी ईमानदारी और लगन से निभाएं।
सीएम मान के भाषण की 8 बड़ी बातें
1. अब तक 63,943 नौकरियां दीं
सीएम मान ने कहा कि अब तक 63,943 नौकरियां दी जा चुकी हैं और यह आंकड़ा आगे और बढ़ेगा। संविधान ने हमें अधिकार दिए, लेकिन वर्षों तक वे अधिकार ज़मीन पर नहीं दिखे।
2. शहीदों के सपनों की याद
उन्होंने कहा कि पंजाब ने आज़ादी के लिए सबसे बड़ी कुर्बानियां दीं। शहीद भगत सिंह ने पहले ही चेतावनी दी थी कि आज़ादी के बाद देश किन हाथों में जाएगा, यह ज्यादा अहम है।
3. दूसरे देश आगे, हम पीछे क्यों
सीएम ने कहा कि भारत के बाद आज़ाद हुए देश सिंगापुर जैसे उदाहरण बन गए, लेकिन हम अभी भी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं। यही वजह है कि जब सरकार काम करती है, तो कुछ लोगों को तकलीफ होती है।
4. समाज के लिए छोड़ा करियर
मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं भी आप में से एक हूं। अगर कलाकार के तौर पर स्वीकार नहीं किया जाता, तो मैं भी रोजगार दफ्तरों के चक्कर काट रहा होता।” समाज ने उन्हें बहुत कुछ दिया, इसलिए उन्होंने समाज के लिए अपना करियर छोड़ा।
5. पहले सरकारें पढ़ाई का पैसा खा गईं
सीएम मान ने कहा कि पहले की सरकारें बच्चों की एससी पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप तक हड़प लेती थीं। पढ़ाई के बिना रोजगार कैसे मिलेगा?
6. मनपसंद नौकरी से बेहतर काम
उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति को उसकी पसंद की नौकरी मिलती है, तो वह पूरे मन से काम करता है। कुर्सी पर बैठते ही जिम्मेदारी का एहसास होना चाहिए।
7. स्वास्थ्य विभाग को बड़ी मजबूती
इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि नियुक्त सभी 916 कर्मचारी स्वास्थ्य विभाग में जॉइन करेंगे। यह 75 साल में पहली बार है कि किसी सरकार ने चार साल में इतनी नौकरियां दी हैं।
8. नए मेडिकल कॉलेज जल्द
स्वास्थ्य मंत्री ने घोषणा की कि पंजाब में जल्द ही 6 से 8 नए मेडिकल कॉलेज बनाए जाएंगे और मुख्यमंत्री छह महीने के भीतर इनके नींव पत्थर रखेंगे।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने नवनियुक्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वे जनता की सेवा को अपना पहला कर्तव्य मानेंगे।