केंद्रीय बजट 2026 में पंजाब की अनदेखी: सुखबीर सिंह बादल ने AAP सरकार पर साधा निशाना, मजबूत लीडरशिप की मांग
शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने केंद्रीय बजट 2026 पर तीखी प्रतिक्रिया दी। AAP सरकार और CM भगवंत मान पर पंजाब के हकों की वकालत में नाकामी का आरोप। राज्य को कोई स्पेशल पैकेज, नया प्रोजेक्ट या किसान-युवा-बॉर्डर योजना नहीं मिली। प्रकाश सिंह बादल के दौर की मजबूत लीडरशिप की याद दिलाई।
चंडीगढ़ : केंद्रीय बजट को लेकर शिरोमणि अकाली दल के प्रधान और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी सरकार पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के हकों की प्रभावी तरीके से पैरवी करने में मान सरकार पूरी तरह नाकाम रही, जिसका नतीजा यह रहा कि यूनियन बजट में पंजाब को कुछ भी हासिल नहीं हुआ।
न स्पेशल पैकेज, न नया प्रोजेक्ट: सुखबीर बादल
केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि इस बजट में पंजाब के लिए न कोई स्पेशल पैकेज, न कोई बड़ा नया प्रोजेक्ट और न ही किसानों, व्यापारियों, उद्योग, युवाओं या सीमावर्ती इलाकों के लिए किसी नई योजना का एलान किया गया है।
पंजाब के साथ फिर हुआ अन्याय
उन्होंने कहा कि यह बजट एक बार फिर साबित करता है कि मौजूदा राज्य सरकार केंद्र के सामने पंजाब का पक्ष मजबूती से रखने में विफल रही है। सुखबीर बादल के अनुसार, पंजाब जैसे सीमावर्ती और कृषि प्रधान राज्य की ज़रूरतों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया।
प्रकाश सिंह बादल के दौर की दिलाई याद
सुखबीर सिंह बादल ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के कार्यकाल का ज़िक्र करते हुए कहा कि उस दौर में पंजाब की आवाज़ दिल्ली तक मजबूती से पहुंचती थी। उन्होंने कहा कि चाहे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह हों या कोई और, प्रकाश सिंह बादल ने हमेशा पंजाब के हक के लिए डटकर बात की।
AIIMS, IIT और हाईवे जैसे बड़े प्रोजेक्ट मिले
सुखबीर बादल ने कहा कि मजबूत नेतृत्व के कारण ही पंजाब को AIIMS, रिफाइनरी, IIM, IIT और 4 व 6 लेन नेशनल हाईवे जैसे बड़े राष्ट्रीय प्रोजेक्ट मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार सिर्फ बहाने बनाती है, जबकि राज्य के लिए कुछ हासिल करने की इच्छाशक्ति नजर नहीं आती।
किसानों, उद्योग और युवाओं के लिए बजट में कुछ नहीं
अकाली दल प्रमुख ने कहा कि यह बजट पंजाब के किसानों, व्यापारियों, इंडस्ट्री और युवाओं के लिए निराशाजनक है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब देश की खाद्य सुरक्षा में पंजाब का इतना बड़ा योगदान है, तो फिर बजट में राज्य की अनदेखी क्यों की जा रही है।
बॉर्डर एरिया की अनदेखी पर सवाल
सुखबीर बादल ने सीमावर्ती इलाकों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बॉर्डर एरिया के विकास और सुरक्षा से जुड़े किसी भी विशेष प्रावधान का बजट में जिक्र नहीं किया गया, जो चिंता का विषय है।
पंजाब को चाहिए मजबूत और जुझारू नेतृत्व
अपने बयान के अंत में सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि पंजाब को ऐसी मजबूत लीडरशिप की जरूरत है जो दिल्ली में जाकर राज्य के हक के लिए लड़े, न कि ऐसी सरकार जो हर नाकामी का ठीकरा दूसरों पर फोड़ती रहे।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग सब देख रहे हैं और समय आने पर इसका जवाब जरूर देंगे।