MP के 'CM राइज' स्कूलों पर बोले शिवराज: 'अस्पताल के बेड पर आया था गरीब बच्चों को प्राइवेट जैसी शिक्षा देने का विचार'; शाहगंज में भव्य स्कूल भवन का लोकार्पण!
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को रायसेन जिले के शाहगंज में नवनिर्मित सीएम राइज स्कूल भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा के माध्यम से गरीब बच्चों के सशक्तिकरण का विजन साझा किया और बताया कि यह प्रोजेक्ट उनके दिल के बेहद करीब है।
सीहोर : मध्य प्रदेश में सीएम राइज स्कूल प्रतिभाशाली और गरीब बच्चों के लिए शिक्षा के बेहतर सरकारी संस्थान साबित हो रहे हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उन्होंने राज्य का मुख्यमंत्री रहते हुए गरीब बच्चों के लिए बेहतर शिक्षण संस्थान देने के मकसद से इन स्कूलों की शुरुआत की थी।
केंद्रीय मंत्री चौहान ने विदिशा संसदीय क्षेत्र के रायसेन जिले के शाहगंज में सीएम राइज स्कूल भवन का उद्घाटन करते हुए अपने छात्र जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि मैं जैत में पैदा हुआ, नर्मदा किनारे छोटा सा स्कूल था। हम सरकारी स्कूल में पढ़े, लेकिन मैंने मेहनत की तो जैत के बाहर भी गया। मैंने सोचा कि गरीब के बच्चे प्राइवेट स्कूल में नहीं पढ़ सकते, उसकी फीस ज्यादा होती है। बड़े लोग तो पढ़ा लेंगे, लेकिन गरीब का बेटा क्या करेगा? जब मुझे कोरोना हुआ, तब अस्पताल के बिस्तर पर बैठकर ख्याल आया कि एक ऐसा स्कूल खुले, जिसमें गरीब के बच्चे भी प्राइवेट स्कूल जैसी शिक्षा प्राप्त कर सकें।