अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस: पीएम मोदी का 20 साल पुराना वीडियो वायरल; बोले- "भारत ने हमेशा नारी को माना सर्वोपरि"
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 'मोदी आर्काइव' ने पीएम मोदी का पुराना वीडियो शेयर किया। जानें कैसे भारत ने अमेरिका से पहले महिलाओं को दिया वोट का अधिकार।
नई दिल्ली : चाहे वह वोट का अधिकार हो या नारी को अंबा, दुर्गा, सरस्वती और लक्ष्मी देवी का स्वरूप मानना, भारत में महिलाओं के अधिकार और सम्मान हमेशा से सर्वोपरि रहे हैं। 'अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस' के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक पुराना वीडियो भी वायरल है, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत ने ऐतिहासिक रूप से नारी को छोटा या दोयम दर्जे का नहीं, बल्कि सबसे ऊपर का रूप माना है।
'मोदी आर्काइव' ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुराना वीडियो शेयर किया है। यह 2003 की एक सभा का है, जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, "दुनिया की कुछ सबसे पुरानी डेमोक्रेसी (अमेरिका) को महिलाओं को वोट देने का अधिकार देने में एक सदी से ज्यादा लग गया, जबकि भारत ने 1947 में ही महिलाओं को वोट देने का अधिकार दे दिया था।"