जंतर मंतर प्रदर्शन पर अनुराग ढांडा का मीडिया पर वार: 'राजा के साथ है मीडिया, प्रजा के साथ नहीं'
आप नेता अनुराग ढांडा ने जंतर मंतर पर हुए प्रदर्शन को लेकर मीडिया पर सवाल उठाए, कहा राजा के साथ है, प्रजा के साथ नहीं।
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली का जंतर मंतर एक बार फिर युवाओं के आक्रोश का गवाह बना। अमेरिका से दिल्ली पहुंचे अभिजीत दीपके ने यहां युवाओं को एकजुट कर आंदोलन को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। अभिजीत दीपके और कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की लगातार मांग कर रहे हैं। इस प्रदर्शन को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
मीडिया की भूमिका पर अनुराग ढांडा के गंभीर सवाल
आप नेता अनुराग ढांडा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा, “देश के युवाओं का ये ग़ुस्सा आपको टीवी पर कहीं नहीं दिखेगा। क्योंकि देश का मीडिया इस समय राजा के साथ है, प्रजा के साथ नहीं।” अपने इस ट्वीट के जरिए ढांडा ने देश के मुख्यधारा के मीडिया पर कई महत्वपूर्ण जनसरोकार के मुद्दों को अपेक्षित कवरेज न देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मीडिया ऐसे मुद्दों को दरकिनार कर अन्य विषयों को प्रमुखता से दिखाता है।