IPL 2026: एलिमिनेटर में राजस्थान रॉयल्स का धमाका, हैदराबाद को 47 रन से हराकर क्वालीफायर-2 में मारी एंट्री
राजस्थान रॉयल्स ने एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर क्वालीफायर-2 में जगह बनाई, जहां उसका मुकाबला गुजरात टाइटंस से होगा।
News Tv India हिंदी Official | Verified Expert • 27 Mar, 2026Editor
May 28, 2026 • 6:48 AM | न्यू चंडीगढ़
N
News TV India
BREAKING
News Tv India हिंदी
1 hour ago
IPL 2026: एलिमिनेटर में राजस्थान रॉयल्स का धमाका, हैदराबाद को 47 रन से हराकर क्वालीफायर-2 में मारी एंट्री
राजस्थान रॉयल्स ने एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर क्वालीफायर-2 में जगह बनाई, जहां उसका मुकाबला गुजरात टाइटंस से होगा।
Full Story: https://www.newstvindia.in/s/c54ed5
https://www.newstvindia.in/s/c54ed5
Copied
Courtesy: Social Media (X)
न्यू चंडीगढ़ : महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए हाई-वोल्टेज 'एलिमिनेटर' मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 47 रनों से करारी शिकस्त देकर 'क्वालीफायर-2' में अपनी जगह पक्की कर ली है। इस शानदार जीत के साथ, राजस्थान रॉयल्स अब 29 मई को गुजरात टाइटंस (जीटी) से भिड़ने के लिए तैयार है। क्वालीफायर-2 जीतने वाली टीम 31 मई को खिताबी मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का सामना करेगी।
राजस्थान रॉयल्स की धमाकेदार बल्लेबाजी
बुधवार को टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 243 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम को सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने शानदार शुरुआत दी। दोनों खिलाड़ियों ने महज 48 गेंदों में 125 रनों की विस्फोटक साझेदारी की, जिसने टीम के बड़े स्कोर की नींव रखी।
वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 29 गेंदों में 12 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 97 रन की आतिशी पारी खेली। वहीं, यशस्वी जायसवाल ने 29 गेंदों में 29 रन का योगदान दिया। 137 के स्कोर तक आते-आते आरआर ने अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे।
इसके बाद कप्तान रियान पराग ने ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 21 गेंदों में 55 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। ध्रुव जुरेल ने भी कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों में 3 छक्कों और 5 चौकों की सहायता से 50 रन बनाए। इनके अलावा, डोनोवन फरेरा और रवींद्र जडेजा ने 12-12 रन टीम के खाते में जोड़े। सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से प्रफुल हिंगे ने 54 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट लिए, जबकि ईशान किशन, शिवांग कुमार और नितीश रेड्डी को 1-1 सफलता मिली।
क्या आप WhatsApp पर न्यूज़ अपडेट पाना चाहते हैं?
WhatsApp पर ताज़ा और भरोसेमंद न्यूज़ अपडेट तुरंत पाएं। अभी जुड़ें और हर खबर सबसे पहले पढ़ें।
244 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम 19.2 ओवरों में 196 रन पर ही सिमट गई। उन्हें दूसरी ही गेंद पर अभिषेक शर्मा (0) के रूप में बड़ा झटका लगा। इसके बाद ईशान किशन ने ट्रेविस हेड के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए महज 15 गेंदों में 51 रन की तेज साझेदारी कर टीम को कुछ उम्मीदें दीं। हालांकि, ईशान (33) के पवेलियन लौटते ही टीम का मध्यक्रम बिखर गया।
💡 Did You Know? आईपीएल में 240 से अधिक का स्कोर बनाना एक दुर्लभ उपलब्धि है, खासकर 'एलिमिनेटर' जैसे दबाव वाले मैच में, जहां हर रन कीमती होता है।
आलम यह रहा कि सनराइजर्स हैदराबाद ने 6.5 ओवरों में अपने 5 विकेट गंवा दिए थे और तब तक टीम के खाते में सिर्फ 81 रन ही जुड़े थे। इसके बाद सलिल अरोड़ा ने नितीश रेड्डी के साथ छठे विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। नितीश 38 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सलिल ने 35 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली। शिवांग कुमार ने भी 27 रन का योगदान दिया।
राजस्थान की घातक गेंदबाजी
राजस्थान रॉयल्स की ओर से जोफ्रा आर्चर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए। नांद्रे बर्गर, सुशांत मिश्रा और रवींद्र जडेजा ने 2-2 विकेट चटकाए, जबकि यश राज को 1 विकेट मिला। इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने फाइनल की ओर एक और कदम बढ़ा दिया है, जहां अब उनका सामना गुजरात टाइटंस से होगा।