“IPL 2026 Champion RCB: गुजरात को 5 विकेट से रौंदकर आरसीबी बनी लगातार दूसरी बार चैंपियन; देश भर में जश्न का माहौल”
News TV India
https://www.newstvindia.in/s/798243
Date
01 June 2026
QR Code
https://www.newstvindia.in/s/798243
IPL 2026 Champion RCB: गुजरात को 5 विकेट से रौंदकर आरसीबी बनी लगातार दूसरी बार चैंपियन; देश भर में जश्न का माहौल
अहमदाबाद : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटन्स को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद खेल, राजनीति और विभिन्न क्षेत्रों की कई प्रमुख हस्तियों ने आरसीबी को बधाई देते हुए टीम के प्रदर्शन की जमकर सराहना की।
क्या आप WhatsApp पर न्यूज़ अपडेट पाना चाहते हैं?
WhatsApp पर ताज़ा और भरोसेमंद न्यूज़ अपडेट तुरंत पाएं। अभी जुड़ें और हर खबर सबसे पहले पढ़ें।
महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि लगातार दो आईपीएल खिताब जीतने पर आरसीबी को बधाई। उन्होंने कहा कि खेल में सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक यह होती है कि सफलता के बाद खुद को लगातार साबित करना पड़ता है। सचिन ने कहा कि पहली बार जीतने के बाद सवाल यह नहीं रहता कि आप जीत सकते हैं या नहीं, बल्कि यह साबित करना होता है कि आप उस सफलता को कायम रख सकते हैं। उनके अनुसार आरसीबी ने इस चुनौती का शानदार तरीके से सामना किया और पूरी तरह इस उपलब्धि की हकदार है।
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कहा कि बेंगलुरु एक बार फिर चैंपियन बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीतकर आरसीबी ने इतिहास रच दिया है। टीम ने जुझारूपन, संयम और चैंपियनों जैसी मानसिकता का परिचय देते हुए पूरे बेंगलुरु को गौरवान्वित किया है। उन्होंने खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ, सपोर्ट स्टाफ और करोड़ों प्रशंसकों को भी बधाई दी।
आरसीबी के पूर्व मालिक विजय माल्या ने भी टीम को शुभकामनाएं देते हुए लिखा, "आरसीबी... आरसीबी... लगातार दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनने पर बधाई। हमारे शेरों ने जोरदार दहाड़ लगाई और हम सभी को गर्व महसूस कराया।"
इस बीच भारत निर्वाचन आयोग ने भी आरसीबी की जीत को लोकतांत्रिक जागरूकता से जोड़ते हुए बधाई संदेश जारी किया। आयोग ने कहा, "आईपीएल 2026 ट्रॉफी जीतने पर आरसीबी को बधाई। चैंपियन अपने बड़े पल की तैयारी करते हैं; आपको भी करनी चाहिए। यदि आपकी उम्र 18 वर्ष हो रही है तो फॉर्म-6 भरें और लोकतांत्रिक कर्तव्य निभाने के लिए तैयार रहें। आपका वोट महत्वपूर्ण है।"
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने अपने संदेश में लिखा, "ई साला नू कप नमदे।" उन्होंने कहा कि आरसीबी को आईपीएल 2026 ट्रॉफी जीतने और अपने खिताब का सफल बचाव करने पर हार्दिक बधाई। उन्होंने विशेष रूप से विराट कोहली की प्रशंसा करते हुए कहा कि पूरे टूर्नामेंट में उनकी निरंतरता, दृढ़ संकल्प और दबाव के क्षणों में खेली गई महत्वपूर्ण पारियों ने टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि लगातार दूसरी आईपीएल ट्रॉफी जीतने पर आरसीबी को बधाई। उन्होंने विराट कोहली की पारी की सराहना करते हुए कहा कि दबाव की स्थिति में उनकी बल्लेबाजी देखना हमेशा सुखद अनुभव होता है। उन्होंने इस टीम को "एक पीढ़ी में एक बार बनने वाली टीम" करार दिया।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी आरसीबी को बधाई देते हुए कहा कि लगातार दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनकर टीम ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि टीम की मेहनत, अनुशासन और बेहतरीन टीमवर्क का परिणाम है। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार निरंतरता और दृढ़ता दिखाई, जिससे देशभर के करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों को प्रेरणा मिली।
आरसीबी की इस जीत के साथ फ्रेंचाइजी ने आईपीएल इतिहास में अपना दबदबा और मजबूत कर लिया है। लगातार दूसरी बार खिताब जीतकर टीम ने साबित कर दिया कि वह सिर्फ चैंपियन नहीं, बल्कि एक ऐसी टीम है जो सफलता को लगातार बरकरार रखने का माद्दा रखती है। टीम की इस उपलब्धि का जश्न बेंगलुरु से लेकर पूरे देश में उसके प्रशंसकों के बीच देखा जा रहा है।