हाई-प्रोफाइल ब्लैकमेलिंग केस में दो मीडिया एंकर गिरफ्तार, एक के घर से बरामद हुए 34 लाख रुपए
नोएडा के सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को दो पत्रकारों—पूर्व एंकर शाजिया निसार और अमर उजाला डिजिटल के एंकर आदर्श झा—को ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया। पुलिस ने शाजिया के घर से ₹34.50 लाख की नकदी भी बरामद की। आरोप है कि दोनों मीडिया की आड़ में एक संगठित ब्लैकमेलिंग रैकेट चला रहे थे।
नोएडा। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने सोमवार को ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो पत्रकारों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक निजी चैनल की पूर्व एंकर शाजिया निसार और अमर उजाला डिजिटल के एंकर आदर्श झा को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का दावा है कि इन दोनों पर मीडिया की आड़ में संगठित ब्लैकमेलिंग सिंडिकेट चलाने का आरोप है।
14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को गौतम बुद्ध नगर के सिविल जज (जूनियर डिवीजन-द्वितीय) जूही आनंद की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया है। अब यह दोनों 21 जून 2025 तक हिरासत में रहेंगे।
