जहानाबाद में बवाल: पप्पू यादव की रिहाई के लिए सड़कों पर उतरे लोग, फूंका सम्राट चौधरी का पुतला
जहानाबाद में युवक क्रांति संगठन, कांग्रेस और यादव महासभा ने सांसद पप्पू यादव की रिहाई के लिए आक्रोश मार्च निकाला। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला फूंका गया।
जहानाबाद: बिहार के जहानाबाद में रविवार को सांसद पप्पू यादव की रिहाई की मांग को लेकर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन हुआ। 'युवक क्रांति संगठन' के बैनर तले निकाले गए आक्रोश मार्च में कांग्रेस और अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने बिहार सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अरवल मोड़ पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन किया।
फर्जी मुकदमे में फंसाने का आरोप
आक्रोश मार्च का नेतृत्व कर रहे युवक क्रांति संगठन के अध्यक्ष सेवक संजय कुमार यादव ने कहा कि सांसद पप्पू यादव एक छात्रा के साथ हुए अत्याचार के मामले में न्याय की मांग कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने दोषियों को बचाने के लिए सांसद को फर्जी मुकदमे में फंसाकर गिरफ्तार किया है। संजय यादव ने कहा, "पुलिस प्रशासन के माध्यम से लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने की कोशिश की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"