राज्यसभा में पीएम मोदी का तीखा वार: बोले- "सिखों और असम की विरासत का अपमान करना कांग्रेस का स्वभाव"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब देते हुए कांग्रेस की मानसिकता और कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के भीतर सिखों और देश की महान विभूतियों के प्रति गहरी नफरत भरी हुई है, जो रह-रहकर उनके बयानों में झलकती है।
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दिया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर सिख गुरुओं का अपमान करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि कल इस सदन के एक सांसद को कांग्रेस के युवराज ने गद्दार कह दिया। सोचिए, इनका अहंकार सातवें आसमान पर पहुंच चुका है। उन्होंने (कांग्रेसी युवराज) उन्हें गद्दार इसलिए कहा क्योंकि वे सिख थे। यह सिखों का अपमान था, गुरुओं का अपमान था। कांग्रेस के अंदर सिखों के प्रति जो कूट-कूटकर नफरत भरी हुई है, यह उसी की अभिव्यक्ति थी।