रात में आइसक्रीम खाना सेहत के लिए क्यों है खतरनाक? जानें इसके बड़े नुकसान
क्या आप भी रात के खाने के बाद आइसक्रीम खाते हैं? सावधान! यह आदत मोटापे, नींद की कमी और पाचन खराब होने का बड़ा कारण बन सकती है।
नई दिल्ली : खाने के बाद कुछ ठंडा और मीठा खाने का मन होना आम बात है। खासकर आइसक्रीम ऐसी चीज है जिसे खाते ही मन खुश हो जाता है। कई लोग इसे रात के खाने के बाद खाना पसंद करते हैं, लेकिन सेहत के लिहाज से यह नुकसानदायक है। विज्ञान की मानें तो रात में आइसक्रीम खाना शरीर के लिए कई तरह की परेशानियों की वजह बन सकता है।
आयुर्वेद के अनुसार, रात का समय शरीर के लिए आराम वाला पल होता है। इस समय पाचन शक्ति कमजोर हो जाती है। आइसक्रीम ठंडी, भारी और मीठी होती है, जिसे आयुर्वेद में कफ बढ़ाने वाला माना जाता है। रात में खाने से पाचन अग्नि कमजोर पड़ जाती है, जिससे खाना ठीक से नहीं पच पाता और शरीर में विषैले तत्व बनने लगते हैं जो गैस, एसिडिटी, पेट भारी और सुस्ती जैसी समस्याओं की वजह बनते हैं।