जैसलमेर बजट घोषणाओं की समीक्षा बैठक: त्वरित एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश
राजस्थान राज्य जीव जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष एवं जैसलमेर जिले के प्रभारी मंत्री जसवंत सिंह बिश्नोई ने बजट घोषणाओं की समीक्षा बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों को तेजी और समयबद्धता के साथ योजनाओं को लागू करने के निर्देश दिए।
जयपुर : राजस्थान राज्य जीव जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष एवं जैसलमेर जिले के प्रभारी मंत्री जसवंत सिंह बिश्नोई ने बजट घोषणाओं की समीक्षा बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों को तेजी और समयबद्धता के साथ योजनाओं को लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राज्य सरकार की मंशानुसार सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाए, जिससे पात्र व्यक्तियों को समय पर लाभ मिल सके।
बजट क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक
रविवार को जैसलमेर जिला कलेक्ट्रेट सभागार में हुई इस बैठक में बिश्नोई ने अधिकारियों को समयसीमा के भीतर कार्यों को पूरा करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने वर्ष 2024-25 की बजट घोषणाओं की प्रगति का जायजा लिया और लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, 2025-26 की बजट घोषणाओं से संबंधित भूमि आवंटन एवं चिन्हीकरण की प्रक्रिया को प्राथमिकता देने को कहा।