फरीदकोट जेल में सुरक्षा व्यवस्था फेल? बैरकों की तलाशी में मिले 10 मोबाइल, मचा हड़कंप
फरीदकोट सेंट्रल जेल में औचक निरीक्षण के दौरान 10 लावारिस मोबाइल फोन मिले हैं। सहायक सुपरिंटेंडेंट वीरपाल सिंह की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
फरीदकोट : पंजाब की जेलों में प्रतिबंधित सामान पहुँचने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में, केंद्रीय जेल फरीदकोट में जेल प्रशासन द्वारा की गई औचक छापेमारी के दौरान 10 लावारिस मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इस सुरक्षा चूक के बाद जेल प्रशासन की शिकायत पर थाना सिटी फरीदकोट में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ जेल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
अचानक चेकिंग से हड़कंप
जानकारी के अनुसार, सहायक सुपरिंटेंडेंट वीरपाल सिंह ने जेल गार्डों की एक टीम के साथ विभिन्न बैरकों की सघन तलाशी ली। चेकिंग के दौरान बैरकों के भीतर छिपे हुए 10 मोबाइल फोन बरामद हुए। खास बात यह है कि इन मोबाइलों पर किसी ने अपना दावा नहीं किया, जिसके कारण इन्हें 'लावारिस' श्रेणी में रखकर ज़ब्त किया गया है।