यूपी के सरकारी स्कूलों में 25 मार्च को मनेगा ‘नवारंभ उत्सव’, खेल-खेल में पढ़ाई शुरू करेंगे नौनिहाल
उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा विभाग 25 मार्च को प्रदेश के सभी बालवाटिका युक्त विद्यालयों में 'नवारंभ उत्सव' का आयोजन करने जा रहा है। इस उत्सव का मुख्य उद्देश्य 3 से 6 वर्ष की आयु के बच्चों को खेल-आधारित गतिविधियों के माध्यम से औपचारिक शिक्षा से जोड़ना और कक्षा 1 में उनके प्रवेश को सुगम बनाना है।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में छोटे बच्चों के लिए स्कूल जाने का अनुभव अब और भी यादगार और रोचक होने वाला है। राज्य का बेसिक शिक्षा विभाग 25 मार्च को प्रदेश भर के को-लोकेटेड आंगनवाड़ी केंद्रों जिन्हें 'बालवाटिका' कहा जाता है, उनमें 'नवारंभ उत्सव' आयोजित करने जा रहा है। इस पहल के जरिए योगी सरकार प्रारंभिक शिक्षा के ढांचे को सुदृढ़ करने और बच्चों के मन से स्कूल का डर भगाकर सीखने के प्रति उनमें जिज्ञासा जगाने का प्रयास कर रही है।
पार्थ सारथी सेन शर्मा करेंगे राज्यव्यापी कार्यक्रम का शुभारंभ
इस महत्वपूर्ण उत्सव की औपचारिक शुरुआत अपर मुख्य सचिव (बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा) पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा की जाएगी। वे लखनऊ के विकासखंड सरोजनीनगर स्थित ग्राम रामचौरा के प्राथमिक विद्यालय की बालवाटिका से इस अभियान का आगाज करेंगे। इस दौरान विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे जो बच्चों का उत्साहवर्धन करेंगे और उनके पहले शैक्षणिक कदम को यादगार बनाएंगे।