कौन हैं कृष्ण मोहन? जिन्हें राम जन्मभूमि ट्रस्ट में चंपत राय की जगह मिली बड़ी जिम्मेदारी
राम मंदिर ट्रस्ट में महासचिव चंपत राय के इस्तीफे के बाद कृष्ण मोहन को कार्यवाहक महासचिव बनाया गया है। जानिए उनका प्रशासनिक अनुभव, आरएसएस से जुड़ाव और नई जिम्मेदारियां।
अयोध्या : रामलला मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार किए जाने के बाद वरिष्ठ सदस्य कृष्ण मोहन को कार्यवाहक महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्थायी नियुक्ति होने तक अब ट्रस्ट के प्रशासनिक और प्रबंधन संबंधी कार्यों का संचालन वही करेंगे।
पद संभालते ही दिया बड़ा संदेश
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद कृष्ण मोहन ने कहा कि कथित चढ़ावा चोरी मामले में जो भी व्यक्ति जांच में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल ट्रस्ट तक सीमित नहीं है, बल्कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था से भी जुड़ा हुआ है।