"चड्डी-बनियान गैंग का देशद्रोह": भारत मंडपम हंगामे पर एकनाथ शिंदे का कांग्रेस पर प्रहार
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर एकनाथ शिंदे ने इसे देशद्रोह बताया। केटीआर ने इसे वैश्विक स्तर पर भारत का अपमान करार दिया। जानें पूरी रिपोर्ट।
नई दिल्ली : दिल्ली स्थित भारत मंडप में आयोजित "इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट" के दौरान शुक्रवार को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए अर्धनग्न प्रदर्शन की चारों ओर निंदा हो रही है। अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता कांग्रेस और राहुल गांधी पर तंज कस रहे हैं और देश को वैश्विक स्तर पर अपमानित करने का आरोप लगा रहे हैं।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने एक्स पोस्ट किया, "इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के माध्यम से जब दुनिया के सामने भारत का तकनीकी वैभव प्रस्तुत किया जा रहा था, उसी समय भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस के चड्डी-बनियान गैंग ने असभ्य उपद्रव मचाकर भारत की वैश्विक स्तर पर बदनामी करने की कोशिश की। मैं कांग्रेस के इस कार्य की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। यह देशप्रेम नहीं है, बल्कि यह एक प्रकार का देशद्रोह है। इस घटना के लिए कांग्रेस और उनके नेताओं को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।"