Bengal Election 2026: 'बंगाल की बेटियों को अब चुप नहीं कराया जाएगा'- धर्मेंद्र प्रधान; आरजी कर पीड़िता की मां को टिकट मिलने पर छिड़ी सियासी जंग
भाजपा ने आरजी कर पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ को पानीहाटी से उम्मीदवार बनाया है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इसे 'टूटे हुए सिस्टम' को चुनौती बताया है। दूसरी ओर टीएमसी ने पीड़िता की मां के भाजपा में शामिल होने पर सवाल उठाते हुए सीबीआई जांच की निष्पक्षता को लेकर घेरा है।
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की पानीहाटी विधानसभा सीट अब राज्य के सबसे हाई-प्रोफाइल चुनावी मुकाबलों में से एक बन गई है। बुधवार, 25 मार्च 2026 को भाजपा द्वारा प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी करने के बाद केंद्रीय नेतृत्व और सत्ताधारी दल टीएमसी के बीच तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है। धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर रत्ना देबनाथ की उम्मीदवारी का समर्थन करते हुए लिखा कि उनका चुनावी मैदान में उतरना सिर्फ एक उम्मीदवारी नहीं है, बल्कि यह एक मजबूत दावा है कि पश्चिम बंगाल की बेटियों को अब चुप नहीं कराया जाएगा। उन्होंने ममता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक मां की हिम्मत अब उस टूटे हुए सिस्टम को सीधी चुनौती दे रही है जिसने अपनी बेटियों को नाकाम किया है।