जापान दौरे की शुरुआत: सीएम भगवंत मान ने टोक्यो में महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि
जापान दौरे के पहले दिन पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने टोक्यो के एडोगावा गांधी पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। उन्होंने युवाओं से अहिंसा, शांति और सद्भाव के मार्ग पर चलने की अपील करते हुए कहा कि गांधीजी का जीवन और दर्शन आज भी दुनिया को मानवता, समानता और निःस्वार्थ सेवा की प्रेरणा देता है।
जापान दौरे के पहले दिन पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज टोक्यो स्थित एडोगावा गांधी पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी संभवतः विश्व के ऐसे एकमात्र नेता थे, जिन्होंने अहिंसा और शांति की विचारधारा के माध्यम से स्वतंत्रता की लड़ाई जीती। उन्होंने कहा कि हम सभी को, विशेषकर युवाओं को, अहिंसा, सद्भावना और शांति के सिद्धांतों को अपनाकर राष्ट्रपिता द्वारा दर्शाए गए मानवतावादी दर्शन को जीवित रखने के लिए आगे आना चाहिए। भगवंत सिंह मान ने आगे कहा कि महात्मा गांधी का जीवन, दर्शन और बलिदान सदा एक प्रकाश-स्तंभ की तरह कार्य करता रहेगा और हम सभी को समाज, राज्य और देश की निःस्वार्थ सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।