बीआरओ ने फिर रचा इतिहास! 19,400 फीट की ऊंचाई पर बनाई दुनिया की सबसे ऊंची सड़क; लद्दाख में टूटा उमलिंग ला का रिकॉर्ड
सीमा सड़क संगठन (BRO) के प्रोजेक्ट हिमांक ने पूर्वी लद्दाख में 19,400 फीट ऊंचे मिग ला दर्रे (Mig La Pass) पर दुनिया की सबसे ऊंची मोटर योग्य सड़क बनाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। ब्रिगेडियर विशाल श्रीवास्तव के नेतृत्व में बनी यह सड़क न केवल सेना की आवाजाही को सुगम बनाएगी, बल्कि पर्यटन को भी नए आयाम देगी। जानें इसकी खासियतें।
नई दिल्ली : कड़ाके की ठंड, बेहद कम ऑक्सीजन और दुर्गम पहाड़ी इलाकों के बीच भी सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) का प्रोजेक्ट हिमांक लगातार चुनौतीपूर्ण हालात को मात दे रहा है, क्योंकि भारतीय सेना और सीमा सुरक्षा से जुड़े जवानों की आवाजाही निर्बाध बनी रहे।
रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट के जरिए जानकारी दी है कि 18,300 फीट से अधिक ऊंचाई पर, बेहद कठिन परिस्थितियों में भी बीआरओ की टीमें रणनीतिक सड़कों को चालू रखने में जुटी हुई हैं ताकि अग्रिम मोर्चों पर तैनात सैनिकों तक हर मौसम में संपर्क बना रहे।