जालंधर में बोले CM भगवंत मान- 'लोक मिलनी' से मिलेगी जमीनी हकीकत की जानकारी; विकास परियोजनाओं को दी मंजूरी
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जालंधर में 'लोक मिलनी' कार्यक्रम के दौरान विधायकों और आम जनता की समस्याएं सुनीं। उन्होंने नकोदर बस स्टैंड के नवीनीकरण सहित कई विकास कार्यों को हरी झंडी दी। सीएम ने कहा कि यह कार्यक्रम सरकारी अधिकारियों के प्रदर्शन का आकलन करने में भी मदद करेगा।
जालंधर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को जालंधर में लोक मिलनी कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें उन्होंने स्थानीय लोगों, MLAs, हल्का इंचार्जों और ब्लॉक प्रमुखों से सीधे बातचीत की। उन्होंने कहा कि लोक मिलनियां सरकार को जमीन पर चल रही वास्तविक समस्याओं को समझने और जनता की शिकायतों का समाधान तेजी से करने में मदद करेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल पारदर्शी और जवाबदेह शासन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने बताया कि लोक मिलनियों का उद्देश्य लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रक्रिया को सरल बनाना है, ताकि विकास को गति मिले और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचे। मान ने यह भी कहा कि ऐसी लोक मिलनियां नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी ताकि प्रशासन को जनता की वास्तविक जरूरतों की बेहतर समझ मिले और अधिकारियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन भी हो सके।