President in Jalandhar: जालंधर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज सौपेंगी 1,452 डिग्रियां; पूरा शहर 'नो फ्लाइंग जोन' घोषित, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज NIT जालंधर के 21वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगी। 31 मेधावी छात्रों को गोल्ड मेडल और 1,452 विद्यार्थियों को डिग्रियां दी जाएंगी। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए जालंधर में ड्रोन और निजी विमानों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।
जालंधर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने पंजाब दौरे के दूसरे दिन जालंधर स्थित डॉ. बी.आर. अंबेडकर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के 21वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। राष्ट्रपति का यह दौरा न सिर्फ संस्थान बल्कि पूरे शहर के लिए भी गौरव का विषय बना हुआ है।
राष्ट्रपति मुर्मू जालंधर के ऐतिहासिक समारोह में संस्थान के मेधावी विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान करेंगी। जानकारी के अनुसार, कुल 1,452 विद्यार्थियों को स्नातक (बी.टेक), स्नातकोत्तर (एम.टेक, एमबीए, एम.एससी) और पीएचडी की डिग्रियां सौंपी जाएंगी। इसके अलावा, शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 31 छात्र-छात्राओं को राष्ट्रपति के हाथों गोल्ड मेडल प्राप्त करने का सौभाग्य मिलेगा।