Delhi-NCR Weather: बारिश ने धोया दिल्ली का प्रदूषण! रेड जोन से बाहर निकली हवा, जानें 26 जनवरी और गणतंत्र दिवस पर कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में बारिश और तेज हवाओं से AQI में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 27 जनवरी को फिर से हल्की बारिश का अनुमान जताया है। जानें गाजियाबाद, नोएडा और दिल्ली के प्रमुख इलाकों का ताज़ा प्रदूषण स्तर।
नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में हुई हालिया बारिश ने वायु प्रदूषण से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत दी है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद समेत आसपास के इलाकों में बारिश और तेज सतही हवाओं के चलते वातावरण में जमी प्रदूषण की परत काफी हद तक धुल गई है।
इसका सीधा असर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) पर देखने को मिला है, जहां कई इलाके रेड जोन से निकलकर ऑरेंज और यलो जोन में पहुंच गए हैं। भारतीय मौसम विभाग की स्थानीय मौसम रिपोर्ट के अनुसार 24 जनवरी से 26 जनवरी तक एनसीआर में आंशिक से सामान्य बादल छाए रहे। सुबह के समय कई इलाकों में हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बनी रही।