IND vs NZ 3rd T20: बुमराह की 'यॉर्कर' के आगे बेबस कीवी! न्यूजीलैंड ने भारत को दिया 154 रनों का लक्ष्य; क्या आज ही सीरीज जीतेगी टीम इंडिया?

गुवाहाटी टी20 में जसप्रीत बुमराह ने 3 विकेट झटककर न्यूजीलैंड की कमर तोड़ दी। ग्लेन फिलिप्स (48) की पारी के बावजूद कीवी टीम 153 रन ही बना सकी। सीरीज जीतने के लिए भारत को चाहिए 154 रन।

Jan 25, 2026 - 20:50
IND vs NZ 3rd T20: बुमराह की 'यॉर्कर' के आगे बेबस कीवी! न्यूजीलैंड ने भारत को दिया 154 रनों का लक्ष्य; क्या आज ही सीरीज जीतेगी टीम इंडिया?
IND vs NZ 3rd T20: बुमराह की 'यॉर्कर' के आगे बेबस कीवी! न्यूजीलैंड ने भारत को दिया 154 रनों का लक्ष्य; क्या आज ही सीरीज जीतेगी टीम इंडिया?

गुवाहाटी : जसप्रीत बुमराह की धारदार गेंदबाजी का सामना करते हुए न्यूजीलैंड की टीम भारत के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में सिर्फ 153 रन ही बना सकी। टीम इंडिया पांच मुकाबलों की सीरीज में 2-0 से लीड हासिल कर चुकी है। ऐसे में भारत की कोशिश इस मैच को जीतकर सीरीज पर कब्जा करना होगा।

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। इसके जवाब में कीवी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। मेहमान टीम ने महज 2 रन पर डेवोन कॉन्वे (1) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद रचिन रवींद्र (4) भी चलते बने।

न्यूजीलैंड ने 13 के स्कोर तक अपने 2 विकेट खो दिए थे। यहां से ग्लेन फिलिप्स ने टिम सीफर्ट के साथ तीसरे विकेट के लिए 21 रन जुटाकर टीम को संभालने की कोशिश की। सीफर्ट 11 गेंदों में महज 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

इसके बाद फिलिप्स ने मार्क चैपमैन के साथ 41 गेंदों में 52 रन जुटाकर स्कोर को 86 रन तक पहुंचाया। चैपमैन 23 गेंदों में 2 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 32 रन बनाकर आउट हुए, जबकि फिलिप्स 40 गेंदों में 1 छक्के और 6 चौकों के साथ 48 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कप्तान मिचेल सेंटनर ने 27 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। न्यूजीलैंड ने निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 153 रन बनाए।

भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने 17 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। इनके अलावा, हार्दिक पंड्या और रवि बिश्नोई ने 2-2 विकेट निकाले। एक सफलता हर्षित राणा के हाथ लगी।

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह के साथ मैदान पर उतरी है।

दूसरी ओर, मिचेल सेंटनर की कप्तानी में न्यूजीलैंड डेवोन कॉन्वे, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, काइल जैमीसन, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी और जैकब डफी के साथ खेल रही है।

News Tv India हिंदी News Tv India डेस्क प्रतिष्ठित पत्रकारों की पहचान है। इससे कई पत्रकार देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत की खबरें साझा करते हैं।