मेवात से गुरुग्राम तक की जंग: क्या सीएम सैनी मानेंगे तावडू को गुरुग्राम में मिलाने की पुरानी मांग?
तावडू विधायक तेजपाल तंवर ने तावडू को गुरुग्राम जिले में मिलाने की मांग उठाई। 15 फरवरी को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तावडू में विकसित महारैली करेंगे।
तावडू : तावडू के विधायक तेजपाल तंवर ने एक बार फिर जोर-शोर से तावडू क्षेत्र को गुरुग्राम जिले में शामिल करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि यह लंबे समय से चली आ रही पुरानी मांग है और इसे वे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष मजबूती से रखेंगे।
विधायक ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया जल्द पूरी होनी चाहिए। कुछ गांव तावडू के गुरुग्राम में शामिल हो सकते हैं, लेकिन हमारी मांग पूरे तावडू को गुरुग्राम जिले में शामिल करने की है। विधायक ने कहा, “मैं इस मुद्दे को हमेशा मजबूती से उठाता रहा हूं और अब मुख्यमंत्री की महारैली में इसे फिर से उनके समक्ष रखने की कोशिश करूंगा।”