पंजाब में पहली बार होगा एशियन हॉकी टूर्नामेंट: जालंधर और मोहाली में खेले जाएंगे मैच, 6 टीमें भिड़ेंगी, स्टेडियम में एंट्री मुफ्त
Asian Hockey Champions Trophy की मेजबानी पंजाब पहली बार करेगा। जानें शेड्यूल, भाग लेने वाली 6 टीमें, जालंधर-मोहाली के स्टेडियम और मुफ्त एंट्री की जानकारी।
Asian Hockey Champions Trophy : मोहाली के मेयर सरबजीत सिंह ने मीडिया को बयान जारी करते हुए कहा कि पंजाब में पहली बार एशियन हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी की मेज़बानी करना पूरे राज्य के लिए बहुत गर्व और खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की निजी कोशिशों की वजह से पंजाब को इस प्रतिष्ठित इंटरनेशनल हॉकी टूर्नामेंट की मेज़बानी करने का ऐतिहासिक मौका मिला है। इससे राज्य में हॉकी और दूसरे खेलों को काफी बढ़ावा मिलेगा और युवा खेलों की तरफ आकर्षित होंगे।
भारत, बांग्लादेश, जापान, चीन, मलेशिया और दक्षिण कोरिया – हिस्सा ले रही हैं
बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मेयर सरबजीत सिंह ने कहा कि टूर्नामेंट के लीग मैच 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक जालंधर में खेले जाएंगे। इसके बाद, सेमीफाइनल, फाइनल और तीसरे स्थान के मैच 4 और 5 नवंबर को मोहाली में होंगे। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में एशिया की छह प्रमुख टीमें – भारत, बांग्लादेश, जापान, चीन, मलेशिया और दक्षिण कोरिया – हिस्सा ले रही हैं। इन मुकाबलों से पंजाब का नाम इंटरनेशनल स्पोर्ट्स मैप पर और मजबूती से उभरेगा।