सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड: दो आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत; 20 मार्च को मानसा कोर्ट में अगली सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के आरोपी पवन बिश्नोई और जगतार सिंह को जमानत दे दी है। बोलेरो गाड़ी देने और रेकी करने का था आरोप। 20 मार्च को मानसा कोर्ट में सुनवाई।
नई दिल्ली : देश की शीर्ष अदालत सुप्रीम कोर्ट ने चर्चित सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में नामजद दो आरोपियों पवन बिश्नोई और जगतार सिंह को जमानत दे दी है। अदालत के इस फैसले के बाद मामले ने एक बार फिर सुर्खियां बटोर ली हैं। हालांकि, इस निर्णय पर मूसेवाला के परिवार की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
दरअसल, यह राहत पवन बिश्नोई और जगतार सिंह को मिली है, जिन्हें पंजाबी गायक शुभदीप सिंह सिद्धू उर्फ सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में आरोपी बनाया गया था। दोनों आरोपी अब तक पंजाब की गोबिंदगढ़ जेल में बंद थे और लंबे समय से जमानत के लिए कानूनी प्रयास कर रहे थे।