UP Congress में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान हंगामा, अजय राय और आराधना मिश्रा मोना के समर्थक भिड़े
उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में रविवार को नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान जमकर हंगामा हुआ। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और महिला नेत्री ममता चौधरी के बीच कथित विवाद के बाद माहौल गरमा गया।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में रविवार को नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान जमकर हंगामा हुआ। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और महिला नेत्री ममता चौधरी के बीच कथित विवाद के बाद माहौल गरमा गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच कहासुनी, धक्का-मुक्की और जूते-चप्पल चलने की स्थिति बन गई। करीब 30 मिनट तक पार्टी कार्यालय में गहमागहमी का माहौल बना रहा। घटना से नाराज अजय राय समर्थकों के साथ कार्यालय से बाहर आ गए और बाद में पार्टी मुख्यालय पर ममता चौधरी के खिलाफ नारे भी लगाए।
ममता चौधरी पर बदसलूकी का आरोप
जानकारी के मुताबिक, आराधना मिश्रा ‘मोना’ के पदभार ग्रहण समारोह में शामिल होने पहुंचे अजय राय का महिला नेत्री ममता चौधरी से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से ही तनाव था। आरोप है कि ममता चौधरी ने अजय राय से कथित तौर पर कहा कि वह उनकी शक्ल नहीं देखना चाहतीं और उन्हें वहां से चले जाने को कहा। इस पर अजय राय ने भी पलटकर जवाब दिया। इसी दौरान उनके एक समर्थक के जूता निकालने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।