गुवाहाटी में पीएम मोदी का बड़ा ऐलान: असम को ₹19,500 करोड़ की सौगात और किसानों के खातों में ₹18,000 करोड़ ट्रांसफर
प्रधानमंत्री मोदी ने असम में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। ₹18,000 करोड़ की किसान सम्मान निधि ट्रांसफर की और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
गुवाहाटी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के गुवाहाटी में विभिन्न विकास कार्यों की आधारशिला रखी और उद्घाटन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि थोड़ी देर पहले यहां से 19,500 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। असम को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने वाली परियोजनाओं से लेकर असम आने वाले लोगों की सुविधा के लिए जो काम हुए हैं, ढेर सारे प्रोजेक्ट असम को मिले हैं।
उन्होंने कहा कि आज देश के किसानों और असम के चाय बागानों में काम करने वाले साथियों के लिए भी बड़ा दिन है। कुछ क्षण पहले पूरे देश में पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 18 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि हमारे करोड़ों अन्नदाताओं के खातों में भेजी गई है। इसके अलावा असम के चाय बागानों से जुड़े अनेक परिवारों को आज भूमि के पट्टे भी दिए गए हैं। मैं असम के लोगों को, यहां के सभी परिजनों को और देशभर के सभी किसानों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।