मकर संक्रांति पर झारखंड भाजपा को मिलेगा नया 'कैप्टन'! आदित्य साहू का निर्विरोध चुना जाना तय; जानें क्या है पूरा शेड्यूल
झारखंड भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का सस्पेंस 14 जनवरी को खत्म हो जाएगा। वर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू इस रेस में सबसे आगे हैं और उनके निर्विरोध चुने जाने की पूरी संभावना है। खरमास खत्म होते ही पार्टी नए संगठनात्मक अध्याय की शुरुआत करेगी। देखें नामांकन से लेकर घोषणा तक की पूरी टाइमलाइन।
रांची : झारखंड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के नए अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा 14 जनवरी को कर दी जाएगी। इस पद पर वर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू का निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है।
भाजपा के प्रदेश चुनाव अधिकारी और सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया 13 और 14 जनवरी को संपन्न होगी। नामांकन की प्रक्रिया 13 जनवरी को रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक चलेगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि शाम 5 बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित किया गया है। अगर एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में उतरते हैं तो 14 जनवरी को मतदान कराया जाएगा।