संसद लोकतंत्र का मंदिर: प्रियंका गांधी ने राहुल गांधी को बोलने से रोके जाने पर सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने राहुल गांधी को लोकसभा में बोलने से रोके जाने पर सरकार की आलोचना की। कहा – संसद लोकतंत्र का मंदिर, जरूरी मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए। पूर्व सेना प्रमुख की किताब पर रोक, सच्चाई छिपाने का आरोप।
नई दिल्ली : कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को संसद में बोलने से रोके जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि संसद लोकतंत्र का मंदिर है, देश के हर नागरिक की इस पर आस्था है। इसलिए हमें इसके अंदर जरूरी मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए।
लोकसभा में भारत-चीन गतिरोध पर राहुल गांधी की ओर से पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज नरवणे की किताब का हवाला दिए जाने पर मचे हंगामे को लेकर प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "राहुल गांधी एक पब्लिक सोर्स से कोट कर रहे हैं, लेकिन फिर भी उन्हें बोलने नहीं दिया जा रहा है। वहीं, सत्ता पक्ष के लोग खुद कभी मैग्जीन तो कभी किताब से संसद में कोट करते रहे हैं।"