भगवंत सिंह मान का केंद्र पर हमला: “चंडीगढ़ हमेशा पंजाब की राजधानी रहेगी”
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने केंद्र सरकार के चंडीगढ़ को अन्य केंद्र शासित प्रदेशों में शामिल करने के प्रस्ताव की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ पंजाब का अविभाज्य हिस्सा है और किसी भी कीमत पर इसे राज्य से नहीं छीना जाएगा।
पंजाब के विरुद्ध केंद्र सरकार के एक और घिनौने कदम की कड़ी निंदा करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज कहा कि पंजाब सरकार, राज्य से उसकी राजधानी चंडीगढ़ छीनने के लिए भाजपा नेतृत्व एन.डी.ए. सरकार के नापाक इरादों को कभी सफल नहीं होने देगी।
आज यहां एक बयान में मुख्यमंत्री ने कहा कि चंडीगढ़, पंजाब का अविभाज्य हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आगामी संसदीय सत्र में संविधान की धारा 240 के तहत पंजाब की राजधानी को भी अन्य केंद्र शासित प्रदेशों के साथ जोड़ने के लिए लाई जा रही संशोधन संबंधी प्रस्ताव को किसी भी कीमत पर अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हर राज्य का अपनी राजधानी पर पूर्ण अधिकार होता है, लेकिन पंजाब को उसकी राजधानी सौंपने से लगातार बचकर, राज्य के साथ भारी अन्याय किया जा रहा है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह सत्य है कि भाजपा-नीत केंद्र सरकार खुलेआम धक्केशाही पर उतारू है।