वायुसेना प्रमुख अमरप्रीत सिंह की आदमपुर विज़िट: मिग-29 में भरी उड़ान, परखीं सीमावर्ती एयरबेस की क्षमताएं
वायुसेना प्रमुख अमरप्रीत सिंह ने जालंधर के आदमपुर एयरफोर्स स्टेशन का दौरा किया। मिग-29 लड़ाकू विमान में सॉर्टी उड़ाई और तकनीकी स्टाफ की भूमिका को सराहा।
जालंधर : चीफ आफ द एयर स्टाफ (सीएएस) अमरप्रीत सिंह वीरवार को आदमपुर एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे। इस मौके पर फारवर्ड एयरबेस से मिकोयान मिग-29 यूपीजी पर आपरेशनल फार्मेशन सार्टी उड़ाई। आदमपुर एयरफोर्स स्टेशन भारतीय वायुसेना के सबसे पुराने और महत्वपूर्ण बेसों में से एक है। पाकिस्तान सीमा के नजदीक होने की वजह से किसी भी एमरजेंसी हालात में इसे फर्स्ट रिस्पांडर में देखा जाता है।
आपरेशन सिंदूर के दौरान यहीं से पाकिस्तान को धूल चटाई और उनकी ड्रोन गतिविधियों की ध्वस्त किया। आपरेशन सिंदूर के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खुद यहां आए थे। वायु सेना की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक मिग 29 की उड़ान से इंडियन एयर फोर्स की फ्रंटलाइन आपरेशनल यूनिट्स के साथ लीडरशिप के जुड़ाव की पुष्टि हुई। फॉर्मेशन को फ्लाइट लेफ्टिनेंट परविंदर सिंह ने लीड किया। रिकवरी से पहले, फार्मेशन ने रनवे पर एक स्मार्ट पील-आफ मेनूवर किया, जिसमें सटीक उड़ान और स्क्वाड्रन द्वारा बनाए गए आपरेशनल ट्रेनिंग के हाई स्टैंडर्ड्स को दिखाया गया।