दिग्विजय सिंह के बयान पर सुधांशु त्रिवेदी का पलटवार, बोले– मोदी ‘गुदड़ी के लाल’, कांग्रेस का नेतृत्व अपसाइड डाउन
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के बयान पर भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को ‘गुदड़ी का लाल’ बताते हुए राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व पर गंभीर सवाल खड़े किए।
नई दिल्ली : कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के ट्वीट और उनके बयान पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की एक बहुत प्रसिद्ध तस्वीर है, जिसमें लालकृष्ण आडवाणी ऊपर कुर्सी पर बैठे हुए हैं और उस समय युवा कार्यकर्ता रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीचे बैठे हुए हैं। यह भारतीय जनता पार्टी की कार्यशैली का प्रतीक है कि धरातल से जुड़ा हुआ व्यक्ति किस प्रकार अपनी प्रतिभा, क्षमता और संगठन के सहयोग से शीर्ष स्तर तक पहुंचकर भारत के सबसे लोकप्रिय तथा विश्व के सबसे लोकप्रिय नेतृत्व के रूप में उभरने में सफल होता है।