दिल्ली के दयालपुर में दर्दनाक हादसा: बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग; जान बचाने के लिए 2 साल के बच्चे समेत 4 ने ऊपर से लगाई छलांग
उत्तर पूर्वी दिल्ली के चांद बाग में रविवार तड़के एक घर में भीषण आग लग गई। पार्किंग में लगी आग का धुआं ऊपर फैला, जिससे घबराकर 4 लोगों ने छलांग लगा दी। दमकल ने 4 अन्य को बचाया।
नई दिल्ली : उत्तर पूर्वी दिल्ली के दयालपुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक बहुमंजिला घर में आग लग गई। कुछ मिनटों में आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि डर के मारे चार लोगों ने नीचे छलांग लगा दी, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं मौके पर पहुंची टीम ने अन्य चार लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह 2:30 बजे उत्तर पूर्वी दिल्ली के दयालपुर थाना क्षेत्र में चंद बाग स्थित एफ ब्लॉक, गली नंबर 23 के एक घर में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि उसे काबू करने के लिए मौके पर 11 गाड़ियां और फायर ब्रिगेड के कर्मचारी तुरंत पहुंच गए। आग की वजह से घर के लोग फंस गए थे और ऊपर की मंजिलों में धुआं फैल गया था। घर में पार्किंग एरिया में दो स्कूटर और एक मोटरसाइकिल भी आग की चपेट में आ गए थे, जिससे धुआं और भी ऊपर की मंजिलों तक फैल गया।