बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 16 IAS अधिकारियों के तबादले; कई विभागों में नई जिम्मेदारियां
बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए 16 आईएएस अधिकारियों (IAS Officers Transfer in Bihar) का तबादला किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 2010 से 2020 बैच के अधिकारियों को विभिन्न विभागों और सरकारी निगमों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
पटना : बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS Officers Transfer in Bihar) के 16 अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों की अधिसूचना जारी की है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा देर शाम जारी आदेश में वर्ष 2010 से 2020 बैच के अधिकारियों को विभिन्न विभागों और सार्वजनिक उपक्रमों में अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस बदलाव को राज्य प्रशासन में कार्यकुशलता बढ़ाने और विभागीय गतिविधियों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नगर विकास और आवास विभाग में अहम बदलाव
सरकार के आदेश के मुताबिक 2010 बैच के वरिष्ठ अधिकारी अनिमेष कुमार पराशर को नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं 2011 बैच के अधिकारी शीर्षत कपिल अशोक को पटना स्थित कॉमफेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा निलेश रामचंद्र देवरे को नगर विकास एवं आवास विभाग के विशेष सचिव के अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेदारी दी गई है।