सुपौलवासियों को बड़ी सौगात! अब मुफ्त में होगा विद्युत शवदाह, आधुनिक मुक्तिधाम में मिलेंगी कई नई सुविधाएं
सुपौल नगर परिषद ने आधुनिक मुक्तिधाम में निशुल्क विद्युत शवदाह सेवा शुरू की है। नगरवासियों को शव वाहन, स्वच्छ परिसर, प्रतीक्षालय और पूजा-पाठ की बेहतर सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
कुणाल कुमार / सुपौल : सुपौल नगर परिषद ने शहरवासियों को एक महत्वपूर्ण नागरिक सुविधा उपलब्ध कराते हुए आधुनिक मुक्तिधाम में निशुल्क विद्युत शवदाह सेवा की शुरुआत कर दी है। नगर परिषद के मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा 'राघव' की पहल पर शुरू की गई यह व्यवस्था खासकर आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। इसके साथ ही अंतिम संस्कार से जुड़ी कई आधुनिक सुविधाएं भी एक ही परिसर में उपलब्ध कराई गई हैं।
गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को मिलेगी राहत
मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा राघव ने बताया कि नगर परिषद का उद्देश्य हर नागरिक को सम्मानजनक अंतिम विदाई की सुविधा उपलब्ध कराना है। इसी सोच के तहत आधुनिक विद्युत शवदाह गृह का संचालन शुरू किया गया है, जहां नगरवासियों के लिए निशुल्क दाह संस्कार की व्यवस्था की गई है। इससे अंतिम संस्कार के दौरान होने वाले आर्थिक खर्च में काफी कमी आएगी।