पंजाब में 10 लाख तक का मुफ्त इलाज! शुरू हुई ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’, बिना आय सीमा के सभी 65 लाख परिवारों को मिलेगा हेल्थ कार्ड
पंजाब सरकार ने राज्य के सभी 3 करोड़ नागरिकों के लिए 10 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सेवा शुरू की है। 850 से अधिक अस्पतालों में 2,356 बीमारियों का मुफ्त इलाज होगा। जानें कार्ड बनवाने के नियम और पात्रता।
चंडीगढ़। पंजाब में निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के अपने वादे को पूरा करते हुए राज्य सरकार ने ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ की औपचारिक शुरुआत कर दी है। योजना के तहत बुधवार से पूरे प्रदेश में कैबिनेट मंत्रियों के नेतृत्व में लाभार्थियों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
हर परिवार को मिलेगा 10 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज
सुनाम ऊधम सिंह वाला में पंजीकरण अभियान का नेतृत्व करते हुए कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि इस योजना के लागू होने से पंजाब का हर परिवार 10 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज कराने का हकदार होगा। इलाज के दौरान मरीज को केवल स्वास्थ्य कार्ड दिखाना होगा और पूरी प्रक्रिया कैशलेस होगी।
65 लाख परिवार होंगे कवर
योजना के तहत छोटी-बड़ी सभी बीमारियों के इलाज, दवाइयों और जांचों की सुविधा निःशुल्क मिलेगी। मंत्री ने बताया कि पंजाब में लगभग 65 लाख परिवार हैं और इन सभी परिवारों, यानी करीब तीन करोड़ नागरिकों को स्वास्थ्य कार्ड जारी किए जाएंगे। खास बात यह है कि योजना में पात्रता के लिए कोई आय सीमा तय नहीं की गई है, जो इसे देश की अन्य योजनाओं से अलग बनाती है।
850 अस्पताल सूचीबद्ध, 2,356 उपचार पैकेज शामिल
अब तक 850 सरकारी और निजी अस्पतालों को योजना से जोड़ा जा चुका है, जबकि आगे और अस्पताल शामिल किए जाएंगे। योजना में 2,356 से अधिक उपचार पैकेज शामिल हैं, जिनमें ऑर्थोपेडिक्स, जनरल मेडिसिन, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, ऑन्कोलॉजी सहित कई विशेषज्ञ सेवाएं शामिल हैं।
15 दिनों में अस्पतालों को भुगतान
योजना में डायग्नोस्टिक सेवाएं भी शामिल हैं। पंजाब और चंडीगढ़ के किसी भी सूचीबद्ध सरकारी या निजी अस्पताल में निःशुल्क इलाज कराया जा सकता है। अस्पतालों को इलाज के 15 दिनों के भीतर भुगतान मिलेगा, क्योंकि राज्य सरकार पहले ही बीमा कंपनी को अग्रिम प्रीमियम दे चुकी है।
जिलों में पंजीकरण अभियान तेज
पठानकोट में कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक ने गांव दारो सलाम, भोआ और गोबिंदसर में घर-घर जाकर पंजीकरण की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि जिले के 14 अस्पताल योजना से जुड़े हैं और गांवों में शिविरों व कॉमन सर्विस सेंटरों के जरिए कार्ड बनाए जाएंगे।
18 वर्ष से अधिक आयु वालों के लिए आधार और वोटर कार्ड, जबकि 18 वर्ष से कम आयु वालों के लिए आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र और माता-पिता का वोटर कार्ड आवश्यक होगा।
स्वास्थ्य ढांचे का तेजी से विस्तार
साहनेवाल के गांव मानगढ़ में कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने पंजीकरण शिविर का उद्घाटन करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का वादा पूरा किया है। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में राज्य में करीब 1,000 मोहल्ला क्लीनिक खोले गए हैं और 500 निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा आने वाले महीनों में 2,500 पिंड क्लीनिक शुरू किए जाएंगे।
गरीबों को भी निजी अस्पतालों में इलाज की सुविधा
तरनतारन जिले के गांव सभरा में योजना की शुरुआत करते हुए परिवहन एवं जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि अब गरीब से गरीब व्यक्ति भी निजी अस्पतालों में बेहतर इलाज करा सकेगा।
सुल्तानपुर लोधी में पंजीकरण की शुरुआत राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने की, जबकि होशियारपुर में विधायक ब्रह्म शंकर जिंपा ने अभियान का शुभारंभ किया।
राज्य सरकार का कहना है कि यह योजना पंजाब के स्वास्थ्य तंत्र को मजबूत करने के साथ-साथ हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण इलाज की गारंटी देगी।