पंजाब यूनिवर्सिटी में सतिंदर सरताज के शो से पहले फायरिंग; छात्र नेता पर हमला, कैंपस में दहशत
चंडीगढ़ PU कैंपस में SOPU नेता जशनदीप सिंह पर फायरिंग। हमलावरों ने चलाईं गोलियां। मार्च 2025 की हत्या के बाद फिर दहला कैंपस। सतिंदर सरताज के शो पर मंडराया खतरा।
चंडीगढ़ : पंजाब यूनिवर्सिटी परिसर में मंगलवार शाम उस समय दहशत फैल गई, जब कैंपस के अंदर फायरिंग की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5 बजे पार्किंग क्षेत्र में दो अज्ञात युवक स्कूटी पर पहुंचे और वहां मौजूद सोपू (SOPU) से जुड़े छात्र नेता जशनदीप सिंह को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं।
सूत्रों के मुताबिक, हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जशनदीप सिंह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने दो राउंड फायर किए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वहां से गोलियों के दो खाली खोल बरामद किए गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है और हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।