सिख व्यक्ति पर टिप्पणी को लेकर बवाल: आप विधायक इंदरबीर निज्जर ने हरक सिंह रावत को घेरा
आम आदमी पार्टी पंजाब के विधायक इंदरबीर सिंह निज्जर ने उत्तराखंड के कांग्रेसी नेता हरक सिंह रावत की वायरल टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। निज्जर ने कहा कि धर्म और पहचान का मजाक उड़ाना शर्मनाक है और यह कांग्रेस की सिख विरोधी सोच को उजागर करता है। उन्होंने कांग्रेस से सिख समुदाय से माफी मांगने और रावत के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के विधायक इंदरबीर सिंह निज्जर ने उत्तराखंड के कांग्रेसी नेता हरक सिंह रावत द्वारा की गई अपमानजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। वायरल वीडियो में रावत एक सियासी रैली के दौरान एक सिख व्यक्ति का मजाक उड़ाते हुए “12 बज गए” कहते दिखाई दे रहे हैं।
निज्जर ने कहा कि ऐसे बयान शर्मनाक हैं और भारत जैसे विविधताओं से भरे देश में किसी भी राजनीतिक नेता को शोभा नहीं देते। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी के धर्म, पहचान, जाति या रंग का मजाक उड़ाना न सिर्फ गैर-नैतिक है, बल्कि यह कांग्रेस पार्टी की आंतरिक सिख विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह कोई अकेला मामला नहीं है, बल्कि पंजाब और सिखों के खिलाफ कांग्रेस के लंबे और दर्दनाक इतिहास की निरंतरता है।