लखनऊ से लेकर विदेशों तक मनेगा 'उत्तर प्रदेश दिवस', 10 लाख से ज्यादा युवाओं को जोड़ने की तैयारी; जानें क्या है इस बार की खास थीम
उत्तर प्रदेश सरकार 24 से 26 जनवरी तक 'उत्तर प्रदेश दिवस 2026' को उत्सव के रूप में मनाने जा रही है। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने 'विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश' थीम के साथ कार्यक्रमों का खाका तैयार किया है। इस बार यूपी का डंका फिजी, मॉरीशस और थाईलैंड जैसे देशों में भी बजेगा। देखें पूरा कार्यक्रम और मुख्य आकर्षण।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश दिवस 2026 को राज्य और जनपद स्तर पर भव्य, समावेशी और जनभागीदारी से युक्त बनाने के लिए शासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सोमवार को उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के आयोजन को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कार्यक्रमों की थीम, स्वरूप, प्रदर्शनियों और सम्मान समारोहों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव एसपी गोयल ने समीक्षा बैठक में बताया कि उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का आयोजन 24 से 26 जनवरी तक किया जाएगा, जिसकी थीम इस वर्ष ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’ रखी गई है। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित होगा, जबकि जनपद स्तर पर भी मुख्य कार्यक्रमों का भव्य आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जनपदों में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण अनिवार्य रूप से कराया जाए तथा कार्यक्रम स्थलों का चयन समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए। जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए उन्हें कार्यक्रमों में आमंत्रित करने पर विशेष जोर दिया गया।