बांग्लादेश में 'रहमान राज' का आगाज़: पीएम तारिक रहमान ने अल्पसंख्यकों को दिया सुरक्षा का भरोसा, सांसदों की सुख-सुविधाओं पर लगाई लगाम
बांग्लादेश के पीएम तारिक रहमान ने कानून-व्यवस्था और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को प्राथमिकता बताया। सांसदों की टैक्स-फ्री कार और प्लॉट की सुविधा भी खत्म की।
नई दिल्ली : बांग्लादेश में नई सरकार की स्थापना हो चुकी है और देश को उनका नेता मिल चुका है। भारी अशांति और हिंसा देखने के बाद अब बांग्लादेश के लोगों को बदलाव का एक नया सूरज देखने को मिला। देश की कमान संभालते ही प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने लॉ एंड ऑर्डर को लेकर सख्त चेतावनी जारी कर दी है। इसके साथ ही उन्होंने अल्पसंख्यक समुदाय के लिए एकजुटता दिखाई। देश में अल्पसंख्यक समुदायों ने हिंसा की चरम सीमा पार होते हुए देखी है और भोगा है। ऐसे में ये नई सरकार उनके लिए आशा की एक किरण बन सकती है।
बांग्लादेशी मीडिया ढाका ट्रिब्यून की ओर से साझा जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री रहमान ने अपने संबोधन में जोर देते हुए कहा कि शांति और लोगों का भरोसा वापस लाना सरकार की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “पार्टी, धर्म, जाति या पंथ कुछ भी हो, हमारी सरकार की मुख्य प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाकर और भ्रष्टाचार को सख्ती से कंट्रोल करके लोगों के मन में शांति और सुरक्षा वापस लाना है।”