मनोज झा का सरकार पर हमला: "गैस के दाम बढ़ गए, अब कहां गए डमी सिलेंडर वाले नेता?
राजद सांसद मनोज झा ने गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने पर केंद्र सरकार पर तंज कसा और अमेरिका के '30 दिन की मोहलत' वाले बयान पर नाराजगी जताई।
नई दिल्ली : घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने पर राजद सांसद मनोज झा ने केंद्र सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि मैं तो उन विरांगनाओं को ढूंढ रहा हूं, उन महान नेताओं को ढूंढ रहा हूं, जो गले में डमी सिलेंडर लेकर घूमते थे। जंतर-मंतर पर बैठते थे। आज वे सब कहां गायब हो गए?
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने पुराने ट्वीट नहीं देख रहे। ये महंगाई की मार नहीं है। इनकम में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई। एक बार में आपने 60 रुपए का और बोझ डाल दिया। क्या इंगित करता है, किसकी सरकार चल रही है, किसके इशारे पर चल रही है, किसके लिए नीतियां बन रही हैं, किसको रिलीफ चाहिए और रिलीफ आप किसको दे रहे हैं? ये अपने आप में आईना है। बशर्ते वो देखें।