चुनावी प्रलोभन पर भारी प्रहार: पांच राज्यों में 651 करोड़ से अधिक की नकदी और शराब जब्त, बंगाल सबसे आगे
देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग (ECI) की मुस्तैदी रंग ला रही है। रविवार, 5 अप्रैल तक इलेक्शन फ्लाइंग स्क्वायड और विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों ने चुनाव वाले पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कुल 651.5 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की अवैध नकदी, शराब, ड्रग्स और मुफ्त उपहार जब्त किए हैं।
नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल में रविवार तक इलेक्शन फ्लाइंग स्क्वायड और प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा कुल 319 करोड़ रुपए मूल्य की नकदी, शराब और अन्य मुफ्त वस्तुएं जब्त की गई हैं। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। चुनाव वाले पांच राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में से बंगाल मुफ्त उपहारों (150 करोड़ रुपए), शराब (55 करोड़ रुपए), कीमती धातु (39 करोड़ रुपए) और नकदी (11 करोड़ रुपए) की बरामदगी के मामले में सबसे आगे है, जिनका कथित तौर पर मतदाताओं को प्रलोभन देने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।
चुनाव आयोग के बयान में कहा गया है कि 23 और 29 अप्रैल को होने वाले दो चरणों के चुनावों से पहले कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने राज्य से 65 करोड़ रुपए मूल्य की ड्रग्स बरामद की हैं। चुनाव आयोग ने बताया कि सभी पांच राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में चुनाव अधिकारियों द्वारा जब्त की गई 29.63 लाख लीटर शराब में से पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 21.29 लाख लीटर शराब जब्त की गई है। चुनाव आयोग ने कहा कि चुनाव से पहले असम में फ्लाइंग स्क्वाड और निगरानी टीमों ने 4 करोड़ रुपए नकद जब्त किए हैं। राज्य में नकदी के अलावा 20 करोड़ रुपए मूल्य की 6,84,627 लीटर शराब भी जब्त की गई है।