गिरिराज सिंह का राहुल गांधी पर वार: "संसद की सीढ़ियों पर टोस्ट-ऑमलेट खा रहे हैं और जनता को डरा रहे हैं"
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर कोरोना काल की तरह भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। संसद की सीढ़ियों पर चाय-टोस्ट खाने पर साधा निशाना।
पटना : केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान राहुल गांधी देश में ठीक उसी तरह दहशत फैला रहे थे, जैसे वे अब कर रहे हैं। यहां तक कि उनके अपने लोग, कांग्रेस के सभी सदस्यों ने भी कोरोना का टीका लगवाया, लेकिन देश में दहशत फैलाना, भ्रम पैदा करना और राष्ट्र में निराशा का माहौल बनाना हमेशा से उनका उद्देश्य रहा है।
गिरिराज सिंह ने कहा कि गैस और तेल को लेकर राहुल गांधी आज भी वही कर रहे हैं। खुद तो संसद की सीढ़ी पर टोस्ट और आमलेट खा रहे हैं और दूसरे को डरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का कितना वजूद है, यह दुनिया देख रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को लगता है कि रोज-रोज विदेश जाने को कूटनीति कहते हैं। उन्होंने कहा कि भारत की कूटनीति सफल है और देश में किसी चीज की कोई कमी नहीं है। देश में जब भी किसी चीज की कमी होगी तो उसका भी मैनेजमेंट नरेंद्र मोदी करेंगे।