बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर' का कोहराम: 10 दिनों में ₹1226 करोड़ पार; जवान, पठान और KGF 2 के रिकॉर्ड ध्वस्त
आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है। 10 दिनों में फिल्म ने ₹1226 करोड़ कमाकर शाहरुख खान की जवान और पठान को पीछे छोड़ दिया है।
मुंबई : आदित्य धर की 'धुरंधर: द रिवेंज' ने बॉक्स ऑफिस पर जिस तरह की पकड़ बनाई है, उसने न सिर्फ दर्शकों का ध्यान खींचा है, बल्कि इंडस्ट्री के बड़े-बड़े रिकॉर्ड्स को भी चुनौती दे दी है। खास बात यह है कि दूसरे हफ्ते में पहुंचने के बाद भी फिल्म की कमाई की रफ्तार थमी नहीं है। अब यह फिल्म उन चुनिंदा फिल्मों की लिस्ट में शामिल हो गई है, जिन्होंने कम समय में 1000 करोड़ क्लब की ओर तेजी से कदम बढ़ाए हैं।
कमाई के आंकड़ों पर नजर डालें तो, 'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर पहले ही दिन से शानदार शुरुआत की और अपनी कमाई से सभी को चौंका दिया। फिल्म ने पहले दिन, यानी गुरुवार को, 102.55 करोड़ रुपए की जबरदस्त ओपनिंग ली। दूसरे दिन, शुक्रवार को, फिल्म ने 80.72 करोड़ रुपए कमाए, जबकि तीसरे दिन, शनिवार को, यह आंकड़ा बढ़कर 113.00 करोड़ रुपए तक पहुंच गया। पहले रविवार को फिल्म ने सबसे ज्यादा उछाल दिखाते हुए 114.85 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया।