विधानसभा में सीएम योगी का सपा पर तीखा हमला, बोले– अपनी ही विधायक को न्याय नहीं दिला पाए
उत्तर प्रदेश विधानसभा में अनुपूरक बजट पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने निष्कासित विधायक पूजा पाल का जिक्र करते हुए कहा कि सपा अपनी ही विधायक को न्याय नहीं दिला पाई। सीएम योगी ने कानून-व्यवस्था, नौकरियों में पारदर्शिता, माफिया पर कार्रवाई और विकास कार्यों को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और कहा कि आज उत्तर प्रदेश “नया यूपी” बन चुका है।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा में अनुपूरक बजट पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर पीडीए को लेकर तीखा हमला किया। उन्होंने सपा से निष्काषित पूजा पाल का जिक्र करते हुए कहा कि आपके ही सामने आपकी ही पार्टी से सदस्य चुनी गई थीं, पूजा पाल। आप न्याय नहीं दिला पाए क्योंकि हिम्मत नहीं थी। आप बात पीडीए की करते हैं। क्या वो पीडीए का हिस्सा नहीं थीं? न्याय कैसे होता है, यह हमारी सरकार ने तय किया। बेटी चाहे उस पक्ष की हो या इस पक्ष की, उसको हर हाल में न्याय मिलेगा।
विजमा यादव को मैंने बुलाया था कि आपको सुरक्षा हम देंगे। विधानसभा में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ सबसे बड़ा खिलवाड़ सपा शासन में हुआ। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने नौ लाख सरकारी नौकरियां दीं और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रही, जबकि सपा सरकार में प्रदेश पहचान और सुरक्षा के संकट से जूझता रहा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने भर्तियों को पूरी तरह पारदर्शी बनाया है और नकल माफिया पर निर्णायक प्रहार किया गया है। इसके लिए भर्ती बोर्ड में सेवानिवृत्त डीजीपी को शामिल किया गया, ताकि माफिया तंत्र की कमर तोड़ी जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार सज्जनों की सुरक्षा और दुर्जनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।