बडगाम पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: आतंकी नेटवर्क से जुड़ी संपत्ति जब्त, देश विरोधी तत्वों को कड़ा संदेश
जम्मू-कश्मीर के बडगाम में पुलिस ने गुलाम नबी नजर की 1 कनाल 16 मरला जमीन जब्त की है। आतंक के आर्थिक आधार को खत्म करने के लिए पुलिस ने यूएपीए के तहत यह कार्रवाई की।
बडगाम : बडगाम पुलिस ने आतंकवाद के समर्थन नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महत्वपूर्ण संपत्ति जब्त कर ली है।
पुलिस ने बडगाम के खग थाने में दर्ज मामले में जम्मू-कश्मीर नेशनल ऑपरेटिव पार्टी (जेकेएनओपी) से जुड़ी एक अचल संपत्ति अटैच की है। यह कार्रवाई गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) की धारा 7/25, 18, 20 और 23 के तहत दर्ज एफआईआर के आधार पर की गई है।
अटैच की गई संपत्ति गमगुल्ला खानसाहिब निवासी स्वर्गीय अब्दुल जब्बार के बेटे गुलाम नबी नजर की है। इसमें खसरा नंबर 796, खेवट नंबर 144 और खाता नंबर 439 के तहत एक कनाल 16 मरला जमीन शामिल है, जो गांव गमगुल्ला खानसाहिब में स्थित है। यह कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 85 के तहत सभी कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद की गई है।
पुलिस के अनुसार, यह संपत्ति आतंकवादी गतिविधियों के समर्थन में इस्तेमाल होने वाले नेटवर्क से जुड़ी थी। इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश जाता है कि देश विरोधी तत्वों पर सिर्फ आपराधिक मुकदमा ही नहीं चलेगा, बल्कि उनके द्वारा चलाए जा रहे नेटवर्क के आर्थिक आधार को भी नष्ट किया जाएगा। बडगाम पुलिस आतंकी संगठनों और उनके सीमा पार से मिलने वाले फंडिंग तथा लॉजिस्टिक सपोर्ट को लगातार निशाना बना रही है।
पुलिस ने कहा कि जिले में सक्रिय आतंक से जुड़े तत्वों के खिलाफ यह कार्रवाई एक मजबूत कदम है। आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलते हुए पुलिस हर स्तर पर सख्ती बरत रही है। जब तक आतंक के सभी सपोर्ट नेटवर्क खत्म नहीं हो जाते और क्षेत्र में पूर्ण शांति स्थापित नहीं हो जाती, तब तक ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत किया और कहा कि इससे इलाके में सुरक्षा का माहौल मजबूत होगा। पुलिस का कहना है कि आतंकवाद के खिलाफ अभियान में जनता का सहयोग बहुत महत्वपूर्ण है और वे हर संभव मदद के लिए तैयार हैं। इस कार्रवाई से आतंकी नेटवर्क पर दबाव बढ़ा है और आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।