328 पावन सरूप गुम होने पर स्पीकर संधवां सख्त, एसजीपीसी से राजनीति छोड़ सहयोग की अपील
पंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के 328 पावन सरूपों के गुम होने के मामले में एसजीपीसी पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई के लिए सरकार का सहयोग करने और संगतों को गुमराह न करने की अपील की।
पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने साहिब श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के 328 पावन सरूपों के गुम होने के गंभीर मामले पर सिख संगतों को अवगत कराते हुए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) से अपील की कि वह इस मामले में राजनीति करने के बजाय दोषियों और उनके संरक्षकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पंजाब सरकार का पूरा सहयोग करे।
स्पीकर संधवां ने कहा कि जब श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के एक पावन सरूप के अंग गलियों में बिखरे मिलने की घटना ने दुनिया भर की सिख संगतों को भीतर तक झकझोर दिया था, तो फिर 328 सरूपों के मामले में की जा रही कानूनी कार्रवाई का एसजीपीसी द्वारा विरोध क्यों किया जा रहा है।